अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही: एसपी धर्मेंद्र सिंह

​भीलवाड़ा। जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत की चल रही अफवाहों और संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS) ने कड़ा रुख अपनाया है। एसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए जिले के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

​कुशल प्रबंधन और सुरक्षा पर जोर

​बैठक के दौरान एसपी ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में एलपीजी गैस, उर्वरक और पेट्रोल पंपों के कुशल प्रबंधन व सुरक्षा के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार द्वारा इनकी नियमित आपूर्ति की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में ईंधन और उर्वरक की उपलब्धता पर नजर रखें ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

​अफवाहबाजों और जमाखोरों की अब खैर नहीं

​पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा कि जो लोग एलपीजी गैस की किल्लत की भ्रांति फैला रहे हैं या अवैध भंडारण और कालाबाजारी में लिप्त हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

​जन-जागरूकता के लिए जमीनी स्तर पर बैठकें

​एसपी के आदेशानुसार जिले के समस्त थानों पर थानाधिकारियों द्वारा:

​सीएलजी (CLG) सदस्यों, पुलिस मित्रों और ग्राम रक्षकों के साथ बैठकें की गईं।

​मौजिज ग्रामीणों और आमजन को जागरूक किया गया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

​क्षेत्र में शांति और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

​आमजन के लिए जारी की हेल्पलाइन

​प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या बिक्री में गड़बड़ी की जानकारी मिले, तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर '112', पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित थाने को सूचित करें। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत एक्शन लेगी।

Next Story