सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना बिहार से गिरफ्तार, वीडियो जारी कर मांगी माफी

सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना बिहार से गिरफ्तार, वीडियो जारी कर मांगी माफी
X

बहराइच। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ अपशब्द कहने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम को यूपी एसटीएफ ने बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया है। ट्रांजिट रिमांड पर बहराइच लाने के बाद मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद मौलाना ने एक वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर अपनी गलती मानी और मुख्यमंत्री से माफी मांगी है।

बता दें कि मौलाना ने 5 मई 2024 को बिहार के भागलपुर में एक "समाज सुधार और शिक्षा जागरूकता सम्मेलन" के दौरान भड़काऊ भाषण देते हुए सीएम योगी की मां को निशाना बनाकर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक अजीत प्रताप सिंह की शिकायत पर 8 मार्च को बहराइच नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मौलाना के खिलाफ बहराइच के साथ बलरामपुर जिले में भी एफआईआर दर्ज है।

बहराइच के एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मौलवी के खिलाफ मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी ताकि रिकॉर्ड समय में उसे सजा दिलाई जा सके। वहीं, देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक ने पुष्टि की है कि पूछताछ के दौरान मौलाना ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। अपने माफीनामे में मौलाना सलीम ने कहा, "मेरे मुंह से कुछ गलत और आपत्तिजनक शब्द निकल गए थे। मैं हाथ जोड़कर दिल से माफी मांगता हूं। ऐसा कोई बयान नहीं दिया जाना चाहिए जिससे किसी व्यक्ति, धर्म को ठेस पहुंचे या सामाजिक सौहार्द बिगड़े।"

Next Story