पति ने पत्नी पर लगाया सहेली संग संबंध बनाने के लिए मजबूर करने का आरोप

बेंगलुरु। शहर से एक हैरान करने वाला विवादित मामला सामने आया है, जिसमें एक 37 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 31 वर्षीय पत्नी के खिलाफ यौन और मानसिक उत्पीड़न सहित अप्राकृतिक कृत्यों के लिए मजबूर करने की एफआईआर दर्ज कराई है। पति का गंभीर आरोप है कि पत्नी ने न केवल उसे बार-बार यौन यातनाएं दीं, बल्कि अपनी सहेली के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला।
पुलिस शिकायत के अनुसार, पत्नी समय-समय पर अश्लील वीडियो भेजकर पति पर ऐसे कृत्य दोहराने का दबाव बनाती थी और घर की निजी बातें अपने दोस्तों के साथ साझा करती थी, जिससे उसे भारी मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। पति का दावा है कि पत्नी शराब का सेवन करती थी और मना करने के बावजूद दोस्तों के साथ समय बिताती थी। तनाव बढ़ने पर 4 जुलाई 2024 को परिवार ने मध्यस्थता की कोशिश भी की, लेकिन हालात नहीं बदले।
शिकायतकर्ता ने अपने ससुराल वालों पर भी शादीशुदा जिंदगी में दखल देने, धमकाने और झूठे बहानों से घर से निकालने का आरोप लगाया है। पति का कहना है कि ससुराल वालों ने उसे उसका सामान तक नहीं ले जाने दिया और उसकी नकदी, सोने के गहने सहित पासपोर्ट व शैक्षणिक दस्तावेज भी अपने पास रख लिए हैं। दूसरी ओर, इस पूरे विवाद में पत्नी ने भी तमिलनाडु में पति के खिलाफ गंभीर आरोपों के साथ एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल यह मामला अदालत में लंबित है और कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
