गांधीनगर पुलिस ने अवैध पिस्टल के साथ यूपी के युवक को दबोचा

भीलवाड़ा BHN.जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गांधीनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पारस जैन (आरपीएस) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय के निर्देशन एवं सज्जन सिंह वृत्ताधिकारी, शहर के सुपरविजन में अंजाम दी गई।

घेराबंदी कर पकड़ा, भागने की कोशिश हुई नाकाम

घटना के अनुसार, गांधीनगर थानाधिकारी डॉ. नेहा राव (आरपीएस प्रो.) के नेतृत्व में गठित टीम को गश्त के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि अहिंसा बंगलों के सामने 80 फीट रोड पर एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस जाप्ते को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

उत्तर प्रदेश का निवासी है आरोपी

पकड़े गए युवक ने अपना नाम शिवकुमार भदौरिया 20 पुत्र ओमप्रताप सिंह भदौरिया निवासी चाउपुर, थाना हरपालपुर, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) बताया, जो वर्तमान में मकान नंबर ए-392, आजादनगर भीलवाड़ा में किराए पर रह रहा था। तलाशी लेने पर आरोपी की जींस की पेंट की दाहिनी कमर के पट्टे में एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। गहनता से जांच करने पर पिस्टल अनलोड पाई गई, जिसमें मैग्जीन लगी हुई थी। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की स्ट्राइक टीम

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी डॉ. नेहा राव (आरपीएस पी.), ए.एस.आई. सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल भगवान दास और कांस्टेबल बलवीर पुनिया शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी शिवकुमार भदौरिया से अवैध पिस्टल की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि मुख्य सप्लायर तक पहुँचा जा सके।

Next Story