महावीर जयंती पर 'ड्राई डे' की धज्जियां उड़ाने वाला सरकारी शिक्षक गिरफ्तार, आबकारी विभाग ने शराब और बीयर जब्त की

उदयपुर । उदयपुर के मांडवा थाना क्षेत्र में महावीर जयंती के उपलक्ष्य में घोषित 'शुष्क दिवस' (ड्राई डे) के दौरान शराब बेचने की फिराक में बैठे एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को आबकारी विभाग ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी शिक्षक स्कूल की गरिमा को ताक पर रखकर अवैध रूप से बीयर और शराब का भंडारण कर रहा था।
शिक्षक ही निकला शराब तस्कर
गोगुंदा आबकारी टीम ने अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत और निरीक्षक शंभू सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बिकरणी तिराहे पर कार्रवाई की। टीम ने दबिश देकर अजित कुमार पुत्र वागा राम (निवासी छापर, मांडवा) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अजित कुमार वर्तमान में राजकीय प्राथमिक विद्यालय छापर में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। वह ड्राई डे का फायदा उठाकर ऊंचे दामों पर शराब बेचने की तैयारी में था।
होटल और रेस्टोरेंट्स पर भी गिरी गाज
आबकारी विभाग की इस विशेष मुहिम के दौरान केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि कई होटलों पर भी छापेमारी की गई। कार्रवाई की भनक लगते ही कई होटल संचालक मौके से फरार हो गए। विभाग ने निम्नलिखित स्थानों से शराब जब्त कर मामले दर्ज किए हैं:
चौखी ढाणी होटल: संचालक हरिपाल सिंह के यहाँ से शराब जब्त।
राज रजवाड़ी रेस्टोरेंट: संचालक भंवर सिंह के यहाँ से अवैध शराब बरामद।
होटल एनएच-27 वेज एंड नॉनवेज: संचालक पीयूष चौधरी के खिलाफ कार्रवाई।
15 पेटी शराब बरामद, अभियान जारी
आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में कुल 15 पेटी बीयर और मदिरा जब्त की गई है। टीम में जमादार शंभू सिंह देवड़ा, सिपाही सुखराम, रामरूप, शेर सिंह और होमगार्ड लोकेश गवारिया का विशेष सहयोग रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
