पूर्व मंत्री का पूर्व गनमैन और एलडीसी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, जयपुर से जैसलमेर जा रही थी 'गन'

जोधपुर | सुरक्षा देने वाली 'खाकी' और विकास की जिम्मेदारी संभालने वाली 'कलम' जब अपराध की राह पकड़ ले, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। एटीएस और डांगियावास थाना पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए जैसलमेर पुलिस लाइन के एक हेडकांस्टेबल और मोहनगढ़ पंचायत समिति के एलडीसी को बिना लाइसेंसी हथियार के साथ धर दबोचा है।

​हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार हेडकांस्टेबल पिछली कांग्रेस सरकार में एक पूर्व मंत्री का गनमैन रह चुका है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​एटीएस का इनपुट और नाकाबंदी

​डांगियावास थानाप्रभारी धोलाराम के मुताबिक, एटीएस (ATS) को गुप्त सूचना मिली थी कि जयपुर से जैसलमेर की तरफ जा रही एक कार में अवैध हथियार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डांगियावास में सघन नाकाबंदी की गई। जयपुर की तरफ से आ रही संदिग्ध कार को जब रुकवाकर तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। कार से बिना लाइसेंस की 12 बोर गन और कारतूस बरामद हुए।

​ये हुए गिरफ्तार: रसूखदारों के बीच थी पैठ

​पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

​अमीन खान: निवासी पुनासर देवीकोट (जैसलमेर)। वर्तमान में जैसलमेर पुलिस लाइन में हेडकांस्टेबल के पद पर तैनात है। यह पूर्व मंत्री के गनमैन के रूप में भी काम कर चुका है।

​वांगे खां: निवासी नाचना। वर्तमान में ग्राम पंचायत शेखासर (पंचायत समिति मोहनगढ़) में एलडीसी के पद पर कार्यरत है।

​मुंह छिपाते नजर आए आरोपी, 4 दिन का रिमांड

​गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को डांगियावास के कोर्ट नंबर 7 में पेश किया गया। कभी रसूखदारों के साथ सीना तानकर चलने वाले ये सरकारी मुलाजिम कोर्ट परिसर में मीडिया और कैमरे के सामने मुंह छिपाते नजर आए। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोनों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब 6 अप्रैल को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

​जांच के घेरे में: आखिर क्यों ले जा रहे थे हथियार?

​पुलिस अब रिमांड के दौरान इन सवालों के जवाब तलाशेगी:

​यह बिना लाइसेंसी हथियार जयपुर में कहाँ से खरीदा गया?

​क्या इस हथियार का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था?

​क्या इस गिरोह में कुछ और रसूखदार नाम भी शामिल हैं?

Next Story