इश्क का खौफनाक अंत: महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की चाकू घोंपकर हत्या

फरीदाबाद। प्यार की एक गुपचुप मुलाकात का अंजाम इतना दर्दनाक होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। जयपुर से दिल्ली और फिर फरीदाबाद के एकता विहार तक का सफर मानव नामक युवक के लिए मौत का बुलावा साबित हुआ। पल्ला थाना क्षेत्र में एक महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की उसकी सहेली की छोटी बहन और उसके साथियों ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी।
बंद कमरे में रची गई मौत की साजिश
जानकारी के अनुसार, मानव अपनी एक महिला मित्र से मिलने चुपके से उसके घर पहुंचा था। वह घर के अंदर ही था कि तभी महिला मित्र की छोटी बहन की नजर उस पर पड़ गई। युवक की मौजूदगी से आगबबूला हुई छोटी बहन ने तत्काल रणनीति बनाई और अपने तीन-चार परिचित युवकों को फोन कर घर बुला लिया।
घेराबंदी कर उतारा मौत के घाट
घर पहुंचे युवकों ने पहले मानव को कमरे के अंदर ही बेरहमी से पीटा। जब इतने से भी मन नहीं भरा, तो उन्होंने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने खुद ही युवक के परिजनों को इसकी सूचना दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में फरीदाबाद पहुंचे और घायल मानव को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए मानव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल शव का दिल्ली में ही पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
