गुंडागर्दी:: होटल से निकलते ही दोस्तों पर हमला, कार के शीशे तोड़े

होटल से निकलते ही दोस्तों पर हमला, कार के शीशे तोड़े
X

भीलवाड़ा । शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में बीती रात सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। एक होटल पर खाना खाकर बाहर निकले तीन दोस्तों पर कुछ असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया और उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की। हमले में घायल तीनों युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुरानी रंजिश में हुआ हमला

भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक कैलाशचंद्र ने बताया कि पवन जैसावत अपने मित्र अमन और सद्दीक के साथ 200 फीट रोड स्थित एक होटल पर खाना खाने गए थे। भोजन के बाद जैसे ही तीनों दोस्त अपनी कार में बैठे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे अर्पित, शुभम और उनके 4-5 अन्य साथियों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से कार के शीशे फोड़ दिए और तीनों दोस्तों के साथ मारपीट की।

पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है और पूर्व में भी इनके मध्य झगड़े हो चुके हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Next Story