कुएं से पानी की मोटरें चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

भीलवाड़ा। पुलिस थाना करेड़ा ने थाना सर्कल में खेत पर बने कुओं से चोरी हुई पानी की मोटरों की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरें बरामद की हैं।

करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि भभाणा निवासी श्रवण लाल बलाई ने रिपोर्ट पेश की थी कि 18 फरवरी 2026 की रात को अलगवास खेत में कुएं की एक मोटर व 300 फीट केबल अज्ञात चोर चुरा ले गए। उसी रात अलगवास निवासी राम लाल गुर्जर और मांगी देवी के कुओं से भी दो मोटरें और 200 फीट केबल चोरी हुई थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया। पुलिस टीम द्वारा संदिग्धों से मनोवैज्ञानिक तरीकों के साथ-साथ उनके मोबाइल नंबर की सीडीआर का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने आरोपी विनोद (23) पुत्र बगता बलाई व श्रवण (30) पुत्र सोहन सालवी निवासी अलगवास को गिरफ्तार कर गहनता से पूछताछ की तो उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस टीम में थानाधिकारी पुरणमल, सउनि मुरलीधर, कांस्टेबल मुकेश, राकेश व जितेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Next Story