यूआईटी में 'फाइलें गायब' होने का खेल खत्म! भू-माफिया और साठगांठ वाले कर्मचारियों की अब खैर नहीं

यूआईटी में फाइलें गायब होने का खेल खत्म! भू-माफिया और साठगांठ वाले कर्मचारियों की अब खैर नहीं
X

भीलवाड़ा हलचल | नगर विकास न्यास (यूआईटी) में अब 'फाइल गुम हो गई' या 'चूहे खा गए' जैसे बहाने नहीं चलेंगे। यूआईटी में फाइलों के गायब होने, भू-माफिया और भ्रष्ट कर्मचारियों की साठगांठ से होने वाले घपलों-घोटालों पर अब पूरी तरह अंकुश लगेगा। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधु की दूरदर्शी पहल और यूआईटी सचिव आईएएस ललित गोयल के कुशल निर्देशन में भीलवाड़ा यूआईटी ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है।

एक लाख से ज्यादा फाइलें अब ऑनलाइन

यूआईटी ने अपनी 1,30,006 फाइलों को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है। इस महाकाय कार्य के लिए करीब 83 लाख पेजों को स्कैन किया गया है। अब ये फाइलें डिजिटल लॉकर में सुरक्षित हैं, जिनसे किसी भी तरह की छेड़छाड़ या हेरफेर मुमकिन नहीं होगी। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भारत सरकार के उपक्रम नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर सर्विसेज इंकॉर्पोरेटेड (NICSI) को सौंपी गई थी, जिसने डाटा सॉफ्ट कंपनी के माध्यम से इसे अंजाम दिया।

भू-माफिया के 'नेटवर्क' पर सर्जिकल स्ट्राइक

लगातार मिल रही फाइलों के गायब होने और रिकॉर्ड में हेराफेरी की शिकायतों के बाद यह कड़ा फैसला लिया गया। इस नवाचार के बाद अब यूआईटी एक ऐसा विकल्प भी तैयार कर रही है जिससे आम जनता खुद कॉलोनियों के नक्शे ऑनलाइन देख सकेगी। इसमें भूखंड किसके नाम आवंटित है और वर्तमान में मालिक कौन है, जैसी महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक होगी।

> यूआईटी सचिव आईएएस ललित गोयल ने बताया कि यह प्रदेश की संभवतः पहली ऐसी संस्था है जिसने अपने रिकॉर्ड का 99 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन कर दिया है। इस पूरी प्रक्रिया में करीब एक साल का समय लगा। अब सभी शाखा प्रभारियों से इस आशय का प्रमाण पत्र लिया जा रहा है कि कोई भी फाइल ऑनलाइन होने से शेष नहीं रही है। इसके बावजूद यदि कोई फाइल फिजिकल रूप से नहीं मिलती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी मूल फाइलों को भी 'मॉर्डन रिकॉर्ड रूम' में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां से उन्हें केवल विशेष आवश्यकता होने पर ही निकाला जा सकेगा।

>भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story