भीलवाड़ा में एएसआई भर्ती परीक्षा: कड़े पहरे में 'अग्निपरीक्षा', कहीं शर्ट उतरी तो कहीं जींस के बटन कटे, दुपट्टे भी बाहर रखवाए
भीलवाड़ा | जिले में रविवार को एएसआई और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा का आगाज भारी सुरक्षा तामझाम और कड़ाई के साथ हुआ। नकल रोकने के लिए प्रशासन इस कदर मुस्तैद दिखा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर नजारा किसी सैन्य छावनी जैसा नजर आया। भीलवाड़ा के 25 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले 'कठिन' तलाशी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
कैंची चली कपड़ों पर: जींस के बटन कटे, शर्ट की आस्तीन छोटी हुई
सुरक्षा मानकों का आलम यह था कि परीक्षा केंद्र के गेट पर ही अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों की शर्ट उतरवा ली गई, तो कहीं जींस में लगे मेटल के बटन को कैंची से काटा गया। इतना ही नहीं, जिन अभ्यर्थियों की शर्ट की आस्तीन लंबी थी, उन्हें भी काटकर छोटा कर दिया गया। महिला अभ्यर्थियों के दुपट्टे, गले के धागे और गहने भी सेंटर के बाहर ही उतरवा लिए गए।
नंगे पैर पहुंचे परीक्षा हॉल तक
कड़ी सुरक्षा के चलते सभी परीक्षार्थियों के जूते और चप्पल केंद्र के मुख्य द्वार पर ही खुलवा लिए गए। अभ्यर्थी नंगे पैर ही अपने परीक्षा कक्ष तक पहुंचे। मेटल डिटेक्टर से जांच और आधार कार्ड के मिलान के बाद ही 'डबल लेयर' सिक्योरिटी पार कर उन्हें एंट्री मिल सकी।
देरी पड़ी भारी: बंद गेट देखकर छलके आंसू
परीक्षा केंद्र पर एंट्री का समय सुबह 10 बजे तक निर्धारित था। ठीक 10 बजते ही केंद्रों के चैनल गेट पर ताले लटक गए। भीलवाड़ा में तीन अभ्यर्थी महज कुछ मिनट की देरी से पहुंचे, जिन्हें लाख मिन्नतें करने के बाद भी प्रवेश नहीं दिया गया। भविष्य की उम्मीद लेकर दौड़ते हुए आए इन युवाओं को मायूस होकर बाहर से ही लौटना पड़ा।
परीक्षा का गणित: 25 सेंटर और 15,327 उम्मीदवार
* कुल परीक्षार्थी: भीलवाड़ा जिले में 15,327 कैंडिडेट इस परीक्षा में भाग्य आजमा रहे हैं।
* समय सारणी: परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी सुबह 11 से 1 और दूसरी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक।
* अतिरिक्त समय: ओएमआर शीट में पांचवें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है।
दो दिन चलने वाली इस परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का दौरा कर रहे हैं ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
