राधेनगर में फैली सनसनी-: इकलौते बेटे ने किया सुसाइड, मां-बहनें शादी में, पिता गये थे फैक्ट्री,

इकलौते बेटे ने किया सुसाइड, मां-बहनें शादी में, पिता गये थे फैक्ट्री,
X

भीलवाड़ा बीएचएन। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के राधेनगर से सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय कॉलेज छात्र ने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक अविवाहित था।

शादी में गया था परिवार, परीक्षा देने के लिए रुका था युवक

प्रताप नगर थाने के सहायक उप निरीक्षक शिवराज ने बताया कि राधेनगर निवासी विक्रम चौहान की पत्नी और बेटियां मध्यप्रदेश में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। विक्रम का बेटा अभिषेक (21), जो कॉलेज प्रथम वर्ष का छात्र था, उसकी 8 अप्रैल को परीक्षा होने के कारण वह पिता के साथ घर पर ही रुक गया था।

ड्यूटी से लौटे पिता के उड़े होश

रविवार रात पिता विक्रम चौहान अपनी नाइट ड्यूटी पर फैक्ट्री चले गए थे। सोमवार सुबह जब वे काम से वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर जाने पर कमरे का दरवाजा भी भीतर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो खिडक़ी से झांकने पर अभिषेक का शव चुन्नी के फंदे से पंखे पर लटका नजर आया।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Next Story