स्कूल में मधुमक्खियों का तांडव:: प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों पर बोला धावा, तीन दर्जन से अधिक घायल!

प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों पर बोला धावा, तीन दर्जन से अधिक घायल!
X

गुना (मध्य प्रदेश) | मध्य प्रदेश के गुना शहर स्थित प्रतिष्ठित वंदना कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार की सुबह उस समय चीख-पुकार मच गई, जब प्रार्थना सभा से ठीक पहले मधुमक्खियों के एक विशाल झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में लगभग तीन दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्कूल स्टाफ घायल हो गए, जिससे स्कूल परिसर में करीब आधे घंटे तक दहशत का माहौल बना रहा।

प्रार्थना सभा में मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह जब बच्चे मैदान में एकत्र हो रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया। खुद को बचाने के लिए मासूम बच्चे इधर-उधर भागने लगे, जिससे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत बच्चों को कमरों के अंदर ले जाकर सुरक्षित किया और घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकांश बच्चों की छुट्टी कर उन्हें परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।

परिजनों का फूटा गुस्सा, प्रबंधन पर लगाए आरोप

हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए। इस दौरान कुछ पालकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि आपात स्थिति में प्रबंधन ने उन्हें तुरंत अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई गई है।

प्रशासनिक टीम ने लिया जायजा, छत्ते हटाने के निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों की जांच की। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल परिसर में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को सुरक्षित रूप से तुरंत हटवाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Next Story