बाथरूम में छिपा मिला हिडन कैमरा, सफाई कर्मचारी की घिनौनी करतूत आई सामने!

बाथरूम में छिपा मिला हिडन कैमरा, सफाई कर्मचारी की घिनौनी करतूत आई सामने!
X

इंदौर | मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के जंजीरवाला चौराहे स्थित एक निजी कॉम्प्लेक्स से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के पब्लिक बाथरूम में एक हिडन कैमरा मिलने से हड़कंप मच गया। जांच में पता चला कि यह खूफिया कैमरा किसी और ने नहीं, बल्कि कॉम्प्लेक्स के ही सफाई कर्मचारी ने महिलाओं की आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए लगाया था।

सफाई के बहाने रचता था साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी सफाई कर्मी शुभम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वह हर रोज सुबह सफाई के बहाने लेडीज बाथरूम में जाता और चुपचाप खूफिया कैमरा फिट कर देता था। शोरूम बंद होने से पहले वह कैमरा निकाल लेता और घर जाकर सारा डाटा अपने मोबाइल में कॉपी कर लेता था। आरोपी के मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं।

ऐसे हुआ भंडाफोड़

मामले का खुलासा तब हुआ जब 3 अप्रैल को कॉम्प्लेक्स संचालक की नजर बाथरूम में लगे संदिग्ध कैमरे पर पड़ी। संचालक ने जब आंतरिक जांच शुरू की और कर्मचारियों के मोबाइल चेक किए, तो शुभम के फोन में बाथरूम के कई वीडियो मिले। इसके बाद तुरंत तुकोगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई।

हाईप्रोफाइल कॉम्प्लेक्स में दहशत

जिस कॉम्प्लेक्स में यह हरकत हुई, वहां कई बड़े शोरूम और दफ्तर हैं, जहां रोजाना हाईप्रोफाइल महिलाओं और कर्मचारियों का आना-जाना रहता है। इस घटना के बाद वहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों में असुरक्षा और दहशत का माहौल है।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

तुकोगंज थाना पुलिस ने शोरूम संचालक की शिकायत पर आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने ये वीडियो कहीं सोशल मीडिया या अन्य साइट्स पर अपलोड तो नहीं किए हैं। पुलिस ने उसका मोबाइल और कैमरा जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

Next Story