काल बनी निजी बस: एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत, मासूम और मां-पत्नी ने तोड़ा दम

गंगापुर सिटी | गंगापुर-जयपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। खूंटला और बाढ़ कलां के बीच एक तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के अनुसार, काज़ी कॉलोनी निवासी साजिद (25) अपनी पत्नी नरगिस (22), एक वर्षीय मासूम बेटे अलमीर और 60 वर्षीय मां बानो के साथ बाइक पर सवार होकर डाबर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में पीछे से आ रही अनियंत्रित निजी बस ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि चारों सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल में चीख-पुकार, तीन को घोषित किया मृत
राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नरगिस, उसकी सास बानो और मासूम अलमीर को मृत घोषित कर दिया। साजिद की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। एक साथ तीन अर्थियां उठने की खबर से अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को जब्त किया और शवों को मोर्चरी में रखवाया।
शहर में बसों का आतंक: 24 घंटे में तीसरी घटना
गंगापुर सिटी में तेज रफ्तार बसों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों में प्रशासन और निजी बस संचालकों के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
रविवार सुबह: मुख्य स्टैंड पर बस की टक्कर से एक युवक गंभीर घायल हुआ, जिसे जयपुर रेफर किया गया।
सोमवार सुबह: फवारा चौक पर रोडवेज बस ने एक महिला को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
सोमवार दोपहर: ताज़ा हादसे में तीन की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बेकाबू रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों पर नकेल कसी जाए, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
