एनडीपीएस मामले में फरार दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा (बीएचएन) | अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ भीलवाड़ा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पण्डेर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
शक्करगढ़ थाने के मामले में हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को शक्करगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19.900 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया था। मौके से आरोपी राजेंद्र वैष्णव को गिरफ्तार और एक बाल अपचारी को डिटेन किया गया था। इस मामले का अग्रिम अनुसंधान पण्डेर थानाधिकारी कमलेश (उनि) को सौंपा गया था।
पूछताछ में खुले तस्करी के तार
गिरफ्तार आरोपियों से की गई गहन पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने यह अवैध डोडा चूरा भुवाना पुत्र मांगीलाल गुर्जर निवासी दलपुरा से खरीदा था और इसे देवा लाल पुत्र सुखा मीणा निवासी मोहनपुरा को सप्लाई किया जाना था। इस सूचना पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और रविवार (5 अप्रैल) को दोनों नामजद आरोपियों को डिटेन कर विस्तृत पूछताछ की।
पुलिस टीम की मुस्तैदी
थानाधिकारी कमलेश के नेतृत्व में गठित टीम कास्टेबल अर्जुन, संजय, प्रवीण और मुकेश ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर उन्हें धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इन आरोपियों से डोडा चूरा की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है।
