घर की दहलीज पर दर्दनाक हादसा:: खाखला खाली करते समय टायर तले कुचला अधेड़, शेरपुरा गांव में पसरा सन्नाटा

भीलवाड़ा| जिले के शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के शेरपुरा गांव से सोमवार दोपहर एक हृदय विदारक दुर्घटना सामने आई है। अपने ही घर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली से खाखला (चारा) खाली करवाते समय एक अधेड़ ट्रैक्टर के भारी-भरकम टायर के नीचे दब गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

खेत से खाखला लेकर घर पहुंचा था किसान

शक्करगढ़ थाने के दीवान बिहारी लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शेरपुरा निवासी फोरूलाल (51) पुत्र बगताराम मीणा सोमवार को अपने खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली में खाखला भरवाकर घर लाए थे। घर की दहलीज पर ट्रॉली को खाली करने की तैयारी चल रही थी।

रिवर्स लेते समय हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सही जगह लगाने के लिए जब चालक ने उसे अचानक रिवर्स (पीछे) लिया, तो फोरूलाल संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, ट्रैक्टर का पिछला बड़ा टायर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। गंभीर रूप से घायल फोरूलाल को आनन-फानन में राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

सूचना मिलते ही शक्करगढ़ पुलिस मौके पर पहुँची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। खेती-किसानी के काम के दौरान हुए इस आकस्मिक हादसे ने मृतक के परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से गांव के चूल्हे तक नहीं जले।

Next Story