भीलवाड़ा में शिव महापुराण कथा को लेकर व्यापक ट्रैफिक व पार्किंग व्यवस्था लागू

भीलवाड़ा। श्री शिव पुराण कथा आयोजन समिति द्वारा शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में 8 अप्रैल 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान प्रतिदिन लगभग 1 लाख से 1.50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है।
बसों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था
जिले व अन्य जिलों से आने वाली सभी बसों के लिए मानसरोवर झील पर पार्किंग निर्धारित की गई है। विभिन्न दिशाओं से आने वाली बसों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं—
कोटा व माण्डलगढ़ से आने वाली बसें ईरास चौराहा, होटल एम्परियल, तेजसिंह सर्किल, मीरा सर्किल होते हुए मानसरोवर पहुंचेंगी।
राजसमंद व गंगापुर की ओर से आने वाली बसें पुर ओवरब्रिज, आवरी माताजी, देवनारायण सर्किल मार्ग से जाएंगी।
अजमेर व गुलाबपुरा से आने वाली बसें सिक्स लाइन, विजय स्तंभ सर्किल, चित्रकूट सर्किल होते हुए पहुंचेंगी।
चित्तौड़गढ़ से आने वाली बसें मण्डपिया सिक्स लाइन, चितौड़ ओवरब्रिज होते हुए मानसरोवर पार्किंग तक जाएंगी।
दोपहिया व चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं के निजी वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थान तय किए गए हैं—
एम.एल.वी. टेक्सटाइल निवास परिसर
डालडा मिल के सामने आजादनगर जे सेक्टर
प्रतापनगर स्कूल परिसर
किसान वाटिका के सामने वीआईपी पार्किंग
मीरा सर्कल के दोनों ओर सभी प्रकार के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग
यातायात व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश
मीरा सर्कल तक पहुंचने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और नाकों पर दिशा सूचक संकेतक लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को मार्ग ढूंढने में आसानी होगी।
यातायात पुलिस ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और अपने वाहन केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। इससे शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनी रहेगी और किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी पार्किंग स्थलों पर निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
