भीलवाड़ा: सांकड़ा के सेंटपॉल स्कूल की बस खाई में उतरी, आधा दर्जन बच्चे घायल, एक रैफर, परिजनों में मचा हडक़ंप

भीलवाड़ा: सांकड़ा के सेंटपॉल स्कूल की बस खाई में उतरी, आधा दर्जन बच्चे घायल, एक रैफर, परिजनों में मचा हडक़ंप
X

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के पारोली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलावा गांव के पास मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खाई में उतर गई। इस हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार,सांकड़ा गांव के सेंट पॉल स्कूल में लगी एक निजी बस मोडियाखेड़ा और कांटी गांवों से स्टूडेंट्स को लेकर स्कूल जा रही थी। बेलावा गांव से पहले चालक बस के स्टेयरिंग से अपना नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खाई में उतर गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बस से बाहर निकाला और निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से कोटड़ी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। एक बच्चे को जिला अस्पताल के लिए रैफर किया गया है। एएसआई रामेश्वरलाल मीणा ने बताया कि इन घायल बच्चों में बाबूलाल जाट, रोहित जाट, आशीष जाट, देवराज नाथ व रोहित बलाई शामिल हैं।

चालक मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बस का चालक बच्चों को छोडक़र मौके से फरार हो गया। पुलिस अब चालक की तलाश कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नियमों की अनदेखी के आरोप

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों को लाने-ले जाने के लिए आधिकारिक 'बाल वाहिनी' के बजाय एक प्राइवेट बस का उपयोग किया जा रहा था। साथ ही, बस में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था, जो सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है।

स्थानीय पुलिस का कहना है कि जिम्मेदारों और चालक के खिलाफ नियमों की अनदेखी को लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, हादसे की खबर मिलते ही कोटड़ी अस्पताल और घटनास्थल पर स्टूडेंटस के परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।


Next Story