लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सात समंदर पार खौफ: अमेरिका में गैंगस्टर भानु राणा की हत्या, सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सात समंदर पार खौफ: अमेरिका में गैंगस्टर भानु राणा की हत्या, सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
X

कैलिफोर्निया/नई दिल्ली। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आतंक अब केवल भारत या पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सात समंदर पार अमेरिका तक पहुँच गया है। बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया है कि उन्होंने अमेरिका के कैलिफोर्निया में हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर भानु राणा की हत्या कर दी है। भानु राणा कभी बिश्नोई गैंग का करीबी सहयोगी था, लेकिन पिछले साल उनके रास्ते अलग हो गए थे।

सोशल मीडिया पर किया 'गद्दार' का अंत करने का दावा

लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने हिंदी और पंजाबी में लिखी एक पोस्ट के जरिए इस सनसनीखेज वारदात की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में भानु राणा को 'गद्दार' करार देते हुए दावा किया गया है कि इस हत्याकांड को 'सरपंच यूरोप', हिसार के साहिल दुहान और गैंग के अन्य सदस्यों ने अंजाम दिया है। गैंग ने यह भी लिखा कि उन्होंने ठीक एक साल पहले ही भानु की मौत की भविष्यवाणी कर दी थी। इसी पोस्ट के जरिए गैंग ने गोल्डी ढिल्लों से भी नाता तोड़ने का ऐलान करते हुए उसे 'नशा तस्कर' और 'मुखबिर' बताया है।

कौन था भानु राणा?

हरियाणा के करनाल का निवासी भानु राणा एक खूंखार अपराधी था, जिस पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज थे।

आतंकी कनेक्शन: पंजाब में हुए एक ग्रेनेड हमले की जांच में उसका आतंकी लिंक सामने आया था, जिसके बाद भारतीय एजेंसियां उसकी तलाश में थीं।

प्रत्यर्पण की चल रही थी तैयारी: नवंबर 2025 में उसे अमेरिका में पकड़ा गया था। भारत सरकार उसे स्वदेश लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया (Extradition) में जुटी थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या की खबर सामने आ गई।

"दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढ निकालेंगे" – गैंग की चेतावनी

पोस्ट के अंत में बिश्नोई गैंग ने बेहद खतरनाक चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि लॉरेंस बिश्नोई के आदेशानुसार, जो कोई भी देश के खिलाफ काम करेगा, उसे दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा। पोस्ट में दुश्मनों को चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि उन्हें भानु राणा की तरह ही '10 फीट गहरा गाड़ दिया जाएगा' ताकि उनकी लाश तक न मिल सके।

Next Story