'लव जिहाद' मामले में आरोपी बेंगलुरु से गिरफ्तार, असम का रहने वाला है मुर्शिदुल इस्लाम लस्कर

भीलवाड़ा BHN. जिले के शाहपुरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पहचान छिपाकर और खुद को हिंदू बताकर नाबालिग लड़की को जाल में फंसाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी नाम से आईडी बनाकर लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था।
इंस्टाग्राम पर 'आर्यन सिंह राजपूत' बनकर की दोस्ती
मामले के अनुसार, 23 मार्च 2026 को पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट में बताया गया कि एक व्यक्ति ने 'आर्यन सिंह राजपूत' नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उसकी नाबालिग पुत्री से दोस्ती की। आरोपी ने अपनी पहचान और धर्म के बारे में भ्रामक जानकारी देकर लड़की को मानसिक रूप से प्रभावित किया और उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। जांच करने पर पता चला कि लड़के का असली नाम मुर्शिदुल इस्लाम लस्कर है और वह मुस्लिम समुदाय से है।
बेंगलुरु से दस्तयाब कर शाहपुरा लाई पुलिस
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी सहायता और लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बेंगलुरु से दस्तयाब किया और शाहपुरा लाकर गिरफ्तार कर लिया।
मुर्शिदुल इस्लाम लस्कर है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुर्शिदुल इस्लाम लस्कर (20 ) पुत्र कमरूल इस्लाम लस्कर, निवासी विचिन्गचा पीटी.01, थाना हैलाकंडी सदर, जिला हैलाकंडी, असम के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से इस संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है कि उसने इस तरह और कितनी लड़कियों को अपना निशाना बनाया है।
