भीलवाड़ा: गश खाकर गिरने से महिला और अचानक तबीयत बिगड़ने से युवक की मौत

भीलवाड़ा | शहर सहित जिले में मंगलवार का दिन दो परिवारों के लिए काल बनकर आया। अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत पर बकरी चराते समय हुआ हादसा
बीगोद थाने के हेड कांस्टेबल सतपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि त्रिवेणी चौराहा निवासी भैरी (42), पत्नी भेरूलाल बेरवा, मंगलवार को खेत पर बकरियां चराने गई थी। इसी दौरान अचानक गश खाकर वह जमीन पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।
परिजनों द्वारा भैरी को तत्काल बीगोद अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बीगोद थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मौत के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घर पर अचानक बिगड़ी युवक की तबीयत
दूसरी दुखद घटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। कुआं खेड़ा कच्ची बस्ती निवासी राकेश पुत्र शांतिलाल लोहार की घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। घबराए परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने युवक की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक ही दिन में हुई इन दो मौतों से संबंधित क्षेत्रों में शोक की लहर छा गई है।
