भीलवाड़ा रोडवेज बस स्टैंड पर वारदात:: बस में चढ़ने के दौरान महिला के गले से सोने की चेन पार

भीलवाड़ा (बीएचएन)। वस्त्र नगरी में चेन चोरों और लुटेरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रही वारदातों ने शहर की महिलाओं में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामला बुधवार को रोडवेज बस स्टैंड पर सामने आया, जहां भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने एक महिला यात्री के गले से सोने की चेन उड़ा ली।
भीड़ का फायदा उठाकर की वारदात
सुभाषनगर पुलिस के अनुसार, पुर निवासी आरिफ मोहम्मद पुत्र मोहम्मद नीलगर की पत्नी शायदा बानो बुधवार को अपने गांव रोपां जाने के लिए बस स्टैंड पहुंची थीं। जैसे ही वे बस में चढ़ने लगीं, वहां मौजूद भारी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने उनके गले में पहनी सोने की चेन काट ली। बस में बैठने के बाद जब महिला का ध्यान गले पर गया, तो चेन गायब देख उनके होश उड़ गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़ित परिवार ने तत्काल सुभाषनगर थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आरिफ मोहम्मद की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
बढ़ती वारदातों से शहरवासी चिंतित
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों में शहर के व्यस्ततम इलाकों जैसे नागौरी गार्डन और शास्त्रीनगर में भी महिलाओं से चेन लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। इन वारदातों के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। रोडवेज बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
