डॉ. सुनील काबरा के घर चोरी का तीसरा आरोपी कालू गिरफ्तार, एक अन्य फरार की तलाश जारी

डॉ. सुनील काबरा के घर चोरी का तीसरा आरोपी कालू गिरफ्तार, एक अन्य फरार की तलाश जारी
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। आरके कॉलोनी निवासी डॉ. सुनील काबरा के सूने मकान में हुई बड़ी चोरी की वारदात को सुलझाते हुए सुभाष नगर थाना पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अजमेर जिले से दबोचा है, जबकि इस गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के प्रयास अब भी जारी हैं।

खाली प्लॉट के रास्ते घर में घुसे थे चोर

घटना 12 फरवरी की है, जब डॉ. सुनील काबरा अपने क्लिनिक पर गए हुए थे। सूने मकान का फायदा उठाकर चोर पास के खाली प्लॉट की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुए। बदमाशों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर कमरों और हॉल में जमकर छानबीन की। चोर वहां से 60 ग्राम सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी के जेवर व बर्तन सहित करीब एक लाख रुपये की नकदी समेट ले गए थे।

अजमेर का कालू बागरिया चढ़ा पुलिस के हत्थे

मामले की जांच कर रहे एएसआई मुकेश कुमार ने बताया कि इस चोरी में संलिप्त दो आरोपियों, शैतान बागरिया और विनोद नायक को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। उनकी निशानदेही पर पूर्व में कुछ माल भी बरामद किया जा चुका है। अब पुलिस ने तीसरे आरोपी कालू (26) पुत्र नंदा बागरिया निवासी टाटोटी, थाना सराणा, जिला अजमेर को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ और चौथे साथी की तलाश

पुलिस अब पकड़े गए आरोपी कालू से गहन पूछताछ कर रही है ताकि शेष चोरी गया माल बरामद किया जा सके। साथ ही, इस वारदात में शामिल चौथे फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया जाएगा।

Next Story