बड़ा खुलासा: युवक को जिंदा टांके में डाल दी मौत, पति-पत्नी गिरफ्तार

बालोतरा। जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध संघर्षरत किशोर को संरक्षण में लिया है। आरोपियों ने प्रेम प्रसंग और बदनामी का बदला लेने के लिए युवक को जिंदा पानी के टांके में फेंक कर मौत के घाट उतार दिया था।

पत्नी बताकर करता था बदनाम, बनी हत्या की वजह

पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि मृतक सुरेश पुत्र पारसराम भील निवासी मलवा चारणान, आरोपी अर्जुन कुमार की पत्नी शांति को बार-बार फोन कर परेशान करता था। सुरेश समाज और परिजनों के बीच शांति को अपनी पत्नी बताकर बदनाम कर रहा था, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं था। इस बात को लेकर शांति और उसके परिवार में गहरा आक्रोश था। कई बार समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना, तो आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

आधी रात को बुलाकर टांके में दिया धक्का

साजिश के तहत 8 मार्च की मध्यरात्रि को शांति ने सुरेश को शारीरिक संबंध बनाने के बहाने घर के पास बने पानी के टांके पर बुलाया। जैसे ही सुरेश वहां पहुंचा, पूर्व नियोजित योजना के अनुसार अर्जुन, शांति और एक किशोर ने उसे पकड़ लिया और जिंदा ही टांके में डाल दिया। पानी में डूबने से सुरेश की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

पुलिस की जांच में खुली परतें

9 मार्च को मलवा गांव के टांके में शव मिलने पर पुलिस ने इसे संदिग्ध माना था। मृतक के चाचा जालाराम की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह व वृताधिकारी विकास कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी दलपतसिंह की टीम ने संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने आरोपी अर्जुन कुमार और उसकी पत्नी शांति को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं मामले में संलिप्त किशोर को भी निरुद्ध किया गया है।

Next Story