भीषण सड़क हादसा:: ट्रेलर में लदे सरिए बस का केबिन चीर कर घुसे, चालक और महिला यात्री की मौत

जयपुर। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर कोटपूतली के पास बीती देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। मकराना से हरिद्वार जा रही एक निजी बस हाईवे पर खड़े सरियों से लदे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर के सरिए बस के केबिन को चीरते हुए अंदर घुस गए, जिससे बस चालक और एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए।
अंधेरे में काल बनकर खड़ा था ट्रेलर
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11:30 बजे कोटपूतली स्थित बीडीएम हॉस्पिटल के सामने पुल पर हुआ। बस के दूसरे चालक ओमप्रकाश ने बताया कि हाईवे पर सरियों से लदा एक ट्रेलर लावारिस हालत में खड़ा था। घटनास्थल पर अंधेरा होने के साथ ही ट्रेलर चालक ने न तो पार्किंग बोर्ड लगाया था और न ही इंडिकेटर चालू छोड़े थे। जैसे ही बस फ्लाईओवर पर चढ़ी, रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे ट्रेलर में जा घुसी।
केबिन चीर कर अंदर तक आए सरिए
ट्रेलर के पीछे बाहर निकले हुए सरिए बस के आगे के हिस्से को फाड़ते हुए अंदर तक घुस गए। इस हादसे में चालक चंद्रमोहन (55) निवासी लाड़ौली (नागौर) और महिला यात्री बिच्चू देवी की मौके पर ही सांसें थम गईं। बस में करीब 22 यात्री सवार थे, जिनमें से 16 घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक
सूचना मिलते ही कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बीडीएम अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। कोटपूतली एसएचओ राजेश शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
