हत्याकांड का खुलासा:: प्रेमी ने चाचा और दोस्त के साथ मिलकर की प्रेमिका की हत्या, बेड बॉक्स में ठूंसा शव

नई दिल्ली । बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक 35 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। महिला की हत्या उसके ही 22 वर्षीय प्रेमी ने अपने चाचा और एक दोस्त के साथ मिलकर की थी। वारदात का पता तब चला जब पीजी मालिक ने कमरे में बेड बॉक्स से एक पैर बाहर निकला हुआ देखा।

शारीरिक संबंध बनाने के दबाव ने ली जान

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अपने चाचा और उसके दोस्त के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए महिला पर दबाव डाल रहा था। जब महिला ने इसका पुरजोर विरोध किया और इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

तड़पा-तड़पा कर मारा, चाचा और दोस्त देते रहे पहरा

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी ने महिला को फर्श पर पटक कर कंबल से उसका मुंह दबाया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के दौरान आरोपी का 50 वर्षीय चाचा और 52 वर्षीय दोस्त कमरे के बाहर पहरा दे रहे थे ताकि कोई अंदर न आ सके। हत्या के बाद तीनों ने मिलकर शव को बेड बॉक्स के अंदर ठूंस दिया और फरार हो गए।

तीन बच्चे और पति को छोड़ काम पर गई थी महिला

मृतक महिला मंगोलपुरी की ही रहने वाली थी और घरों में साफ-सफाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थी। उसके परिवार में पति और तीन बच्चे हैं। शाम को जब पुलिस पत्थर मार्केट स्थित इमारत में पहुंची, तो महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में बेड बॉक्स के अंदर मिला।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म की भी जांच जारी

जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतिन नरवाल ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसके चाचा और दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 238 (सबूत मिटाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया था या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story