सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल में 'खालिस्तान' का जिक्र, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली सचिवालय को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस सूचना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और पूरे परिसर में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। धमकी भरे ईमेल में 'खालिस्तान' शब्द का इस्तेमाल होने से मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।

चप्पे-चप्पे की तलाशी, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता तैनात

धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड की टीमें सचिवालय पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के हर कोने की गहनता से जांच की। हालांकि, शुरुआती तलाशी में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर एहतियात के तौर पर जांच और निगरानी जारी रखी गई है।

ईमेल के स्रोत की जांच में जुटी साइबर सेल

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है। ईमेल में खालिस्तान का जिक्र होने के कारण एजेंसियां इसे किसी बड़ी साजिश के नजरिए से भी देख रही हैं। साइबर सेल और खुफिया विभाग ईमेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की मंशा की पड़ताल कर रहे हैं।

विधानसभा में सुरक्षा चूक के बाद बढ़ी चिंता

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में 6 अप्रैल को दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई थी। वहां एक व्यक्ति हाई-सिक्योरिटी वीवीआईपी गेट से अंदर घुस गया था और स्पीकर की गाड़ी के पास गुलदस्ता रखकर आराम से बाहर निकल गया था। बाद में गिरफ्तार हुए उस व्यक्ति की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई थी। उस घटना के चंद दिनों बाद अब सचिवालय को मिली धमकी ने सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

Next Story