दौसा: आपसी रंजिश में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, ढाबे पर खाना खाने के दौरान हुआ विवाद

दौसा/लालसोट। लालसोट शहर के कोथून मार्ग पर जमात चौराहे के निकट शुक्रवार दोपहर आपसी रंजिश के चलते एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और आरोपियों की तलाश शुरू की।
ढाबे पर कहासुनी के बाद चली गोली
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा ने बताया कि जमात चौराहे के पास एक ढाबे पर दो अलग-अलग टेबल पर कुछ युवक खाना खा रहे थे। एक टेबल पर 5 और दूसरी पर 3 युवक बैठे थे। खाना खाने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर इनके बीच आपस में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि ढाबे से बाहर निकलते ही कार सवार युवकों ने धर्मेंद्र उर्फ योगेन्द्र मीणा (27) पुत्र तेजाराम मीणा पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
धर्मेंद्र मीणा, जो कि मंडावरी थाने का हिस्ट्रीशीटर था, को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पीएमओ डॉ. राजकुमार सेहरा के अनुसार, धर्मेंद्र को 'गन शॉट इंजरी' (गोली लगने का घाव) थी।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान जारी
पुलिस ने ढाबे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रामबिलास मीणा, डिप्टी एसपी दिलीप मीणा और थानाधिकारी पवन कुमार सहित भारी पुलिस जाप्ता अस्पताल और मौके पर पहुँचा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है।
