माण्डल पुलिस की कार्रवाई: फैक्ट्री से तांबा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार व एक बाल अपचारी निरुद्ध

भीलवाड़ा। माण्डल थाना पुलिस ने एक फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से 206 किलोग्राम चोरी किया गया तांबा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

क्या था मामला?

जानकारी के अनुसार, माण्डल निवासी प्रार्थी रामनारायण ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनकी स्क्रैप से एल्युमिनियम बर्तन बनाने की कंपनी है। बीती 26 और 29 मार्च की रात को तीन अज्ञात बदमाशों ने कंपनी में घुसकर वहां रखा भारी मात्रा में तांबा चोरी कर लिया था। इस पर पुलिस ने धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज से खुले राज

पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण और पुराने अपराधियों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। सघन कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार पिता नगजी कालबेलिया (उम्र 24 साल, निवासी चोपडा का खेडा रीछडा, थाना सदर भीलवाड़ा) और मुकेश पिता श्रवण कालबेलिया (उम्र 20 साल, निवासी सुरास खेडा, थाना रायपुर) सहित एक नाबालिग को डिटेन किया।

कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 206 किलो तांबा जब्त किया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।

Next Story