अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पेड़ से गिरकर घायल बुजुर्ग ने तोडा दम

भीलवाड़ा। जिले में दो अलग-अलग हादसों ने दो परिवारों में मातम फैला दिया। मंगरोप थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, वहीं बनेड़ा थाना क्षेत्र में पेड़ से गिरकर घायल हुए एक बुजुर्ग ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

मंगरोप: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

मंगरोप थाने के सहायक उप निरीक्षक नारायण लाल ने जानकारी दी कि चित्तौड़गढ़ जिले के साडास थानांतर्गत लालसिंहजी का खेड़ा निवासी वकील बंजारा (54) शनिवार को किसी निजी काम से मंगरोप आए थे। दोपहर करीब दो बजे जब वे अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे, तभी मंगरोप-घोड़ा खेड़ा मार्ग पर एक मोड़ पर सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वकील बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत हमीरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बनेड़ा: पेड़ से गिरकर घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में तोड़ा दम

दूसरी घटना बनेड़ा थाना क्षेत्र के झांतल गांव की है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी छोटू खां (67) गत 6 अप्रैल को अपनी बकरियों के लिए चारा (टहनियां) काटने के लिए एक पेड़ पर चढ़े थे। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वे पेड़ से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें उपचार के लिए भीलवाड़ा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

Next Story