दिग्गज गायिका आशा भोसले अस्पताल में भर्ती: छाती में इन्फेक्शन की शिकायत, स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद

मुंबई। बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले को शनिवार शाम मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें अत्यधिक थकान और छाती में संक्रमण (चेस्ट इन्फेक्शन) की शिकायत है। शुरुआती दौर में उनके स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर हार्ट अटैक जैसी अफवाहें उड़ी थीं, जिन्हें परिवार ने स्पष्ट रूप से नकार दिया है।
उनकी पोती जनाई भोसले (आशा जी के बेटे आनंद की बेटी) ने इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रशंसकों को उनके स्वास्थ्य की जानकारी साझा की। जनाई ने लिखा, "मेरी दादी आशा भोसले, बहुत ज्यादा थकान और छाती के इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम आपको जल्द ही अच्छी खबर देंगे।"गौरतलब है कि 8 सितंबर 2025 को आशा जी ने अपना 92वां जन्मदिन मनाया था। इस उम्र में भी वह संगीत के प्रति सक्रिय रही हैं। फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है और उनके प्रशंसक जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
