चलती बाइक बनी आग का गोला, युवक गंभीर रूप से झुलसा

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) ।शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के केसरपुरा के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बरडा निवासी शिवराज धाकड़ उस समय गंभीर रूप से झुलस गए, जब उनकी मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवराज धाकड़ किसी निजी कार्य से नाना बाबा का झोपड़ा से केसरपुरा के बीच जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अचानक बंद हो गई। बाइक को दोबारा स्टार्ट करने के प्रयास में उन्होंने पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोला, तभी अचानक बाइक ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे शिवराज को तत्काल भीलवाड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अमरगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है।
