एसीबी का धमाका:: बीडीओ 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, आवासों पर छापेमारी से मचा हड़कंप

बीडीओ 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, आवासों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
X

सवाईमाधोपुर (बीएचएन)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पंचायत समिति सवाईमाधोपुर के ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) एवं अतिरिक्त प्रभार जिला परियोजना प्रबंधक जगदीश प्रसाद मीणा को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्यवाही से जिले के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

बिल पास करने और नौकरी न छीनने के बदले मांगी थी घूस

एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बीडीओ जगदीश प्रसाद मीणा उसे नौकरी से मुक्त न करने तथा उसके व दो अन्य साथियों के लंबित यात्रा भत्ता एवं अन्य बिल पास करने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। आरोपी ने तीनों कर्मचारियों के बदले एक-एक लाख, यानी कुल 3 लाख रुपये मांगे थे। दबाव इतना अधिक था कि मीणा ने परिवादी को ही अपने दोनों साथियों की राशि भी इकट्ठा कर लाने का आदेश दिया था।

ट्रैप में फंसा 'साहब', कोटा-सवाईमाधोपुर स्थित आवासों पर दबिश

शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी टीम ने 24 फरवरी को जाल बिछाया। जैसे ही कोटा निवासी मीणा ने परिवादी से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लिए, टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी ने आरोपी के कोटा स्थित पुश्तैनी घर और सवाईमाधोपुर स्थित सरकारी आवास पर एक साथ छापेमारी की। टीम वहां संपत्ति के दस्तावेज और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों की तलाश कर रही है।

एसीबी के आला अफसरों के निर्देशन में कार्यवाही

यह पूरी कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र के नेतृत्व में की गई। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच की जा रही है।

Next Story