शादी की दावत पड़ी भारी: 10 हजार का इनामी नशे का सौदागर 'भाणु जाट' गिरफ्तार

भीलवाड़ा BHN। भीलवाड़ा पुलिस की 'स्पेशल स्ट्राइक' ने एक बार फिर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले 3 महीने से पुलिस को छका रहा 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश राधेश्याम उर्फ भाणु जाट अब सलाखों के पीछे है।
जब शादी से लौट रहा था आरोपी पुलिस में धर दबोचा
कहते हैं अपराधी चाहे कितना भी शातिर हो, कानून के हाथों से नहीं बच सकता। श्रीगंगानगर का रहने वाला राधेश्याम (29) अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। लेकिन पन्डेर थानाधिकारी कमलेश की टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी एक शादी समारोह में शामिल होने आया है। पुलिस ने जाल बिछाया और वापसी के वक्त उसे दबोच लिया।
क्या था पूरा मामला?
यह कार्रवाई 2 दिसंबर 2025 को गुलाबपुरा पुलिस द्वारा की गई भारी बरामदगी से जुड़ी है। उस वक्त एनएच-48 पर एक ट्रक से 304 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया गया था। मौके से पकड़े गए तस्करों ने कुबूल किया था कि इस काले कारोबार का असली मास्टरमाइंड राधेश्याम उर्फ भाणु जाट ही है, जिसने यह खेप मंगवाई थी।
एसपी के निर्देश पर 'क्लीन स्वीप'
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेशानुसार जिले में फरार इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शाहपुरा एडिशनल एसपी राजेश कुमार आर्य और जहाजपुर वृताधिकारी रेवडमल मोर्य के सुपरविजन में पन्डेर थाना पुलिस ने इस इनामी बदमाश को सलाखों तक पहुँचाया।
पुलिस टीम में थे शामिल
इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में पंडेर थाना अधिकारी कमलेश,कांस्टेबल अर्जुन व संजय शामिल थे।
