लॉरेंस बिश्नोई गैंग की दस्तक!: उद्योगपति के घर पर अंधाधुंध फायरिंग, 10 करोड़ की रंगदारी मांग दी जान से मारने की धमकी

उद्योगपति के घर पर अंधाधुंध फायरिंग, 10 करोड़ की रंगदारी मांग दी जान से मारने की धमकी
X

खरगोन । मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में नामचीन उद्योगपति और किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौर के घर को निशाना बनाकर नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी में कैद हुई नकाबपोशों की करतूत

घटना बीते 16 मार्च की शाम की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाश राठौर के घर के बाहर पहुंचते हैं और अचानक फायरिंग शुरू कर देते हैं। गनीमत रही कि उस वक्त दिलीप राठौर और उनका परिवार इंदौर में था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुत्र सत्येंद्र राठौर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

'10 करोड़ दो या मौत चुनो': हैरी बॉक्सर का नाम आया सामने

इस वारदात ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 'हैरी बॉक्सर' के नाम से घटना की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में सीधा अल्टीमेटम दिया गया है कि 10 करोड़ रुपये की रंगदारी दी जाए, वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। इस धमकी के बाद कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ घर, साइबर सेल सक्रिय

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी शकुंतला रुहल ने बताया कि पुलिस की टीमें और साइबर सेल वायरल पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या वास्तव में इसके तार बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं या किसी ने दहशत फैलाने के लिए नाम का इस्तेमाल किया है। सुरक्षा के मद्देनजर दिलीप राठौर के घर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Next Story