बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर की भाई की हत्या, 10 साल के बेटे ने खोला मां की साजिश का राज

मैनपुरी । उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा महिला के 10 साल के मासूम बेटे ने किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बहन, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
आपत्तिजनक हालत में देख लिया था भाई ने
जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद निवासी करन मिश्रा (25) मंगलवार को अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल छोड़ने आया था। पूजा का पति पुणे में नौकरी करता है। रात को करन वहीं रुक गया। आधी रात को पूजा का प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू उससे मिलने घर पहुँचा। इसी दौरान करन की आँख खुल गई और उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। विरोध करने पर हुए झगड़े में पूजा के उकसाने पर प्रेमी जितेंद्र ने करन की आँखों में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को जंगल में फेंका और दर्ज कराई गुमशुदगी
हत्या के बाद आरोपी जितेंद्र ने अपने भाई जूली को बुलाया और दोनों ने शव को बाइक पर लादकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में नदी किनारे छिपा दिया। सुबह होते ही आरोपी पूजा ने परिजनों को गुमराह किया कि करन रात में ही चला गया था। साजिश को पुख्ता करने के लिए वह खुद अपने प्रेमी के साथ थाने पहुँची और भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का नाटक करने लगी।
मासूम बेटे ने उजागर की सच्चाई
जब पूजा थाने में थी, तब गांव में पड़ोसियों ने उसके 10 साल के बेटे रितिक से पूछताछ की। डरे हुए बच्चे ने सच उगल दिया कि "मम्मी के दोस्त जितेंद्र ने मामा को गोली मार दी है।" बच्चे ने यह भी बताया कि उसकी माँ ने उसे चुप रहने की धमकी दी थी। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल पूजा और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया और उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया।
दरोगा बनने का सपना रह गया अधूरा
मृतक करन के भाई मोहित ने बताया कि करन अविवाहित था और पुलिस में दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसने हाल ही में परीक्षा भी दी थी। आरोपी पूजा के तीन बच्चे हैं और उसका जितेंद्र (जो खुद शादीशुदा है) के साथ पिछले 5 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
