मात्र 10 रुपये के विवाद में गोलगप्पे विक्रेता की बेरहमी से हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

पानीपत। हरियाणा के पानीपत से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ महज 10 रुपये के मामूली विवाद ने एक 17 वर्षीय किशोर की जान ले ली। बदमाशों ने एक गोलगप्पे बेचने वाले युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान अश्वनी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कानपुर (बिलहापुर) का निवासी था और मात्र चार दिन पहले ही रोजगार की तलाश में पानीपत आया था।
घटना शनिवार शाम की है, जब आरोपी अश्वनी की रेहड़ी पर गोलगप्पे खाने पहुंचे थे। पैसे देते समय 10 रुपये को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। उस वक्त तो आरोपी वहां से चले गए, लेकिन रात करीब 8:30 बजे जब अश्वनी कुटानी रोड स्थित गंदे नाले की पुलिया के पास से घर लौट रहा था, तब 4-5 बदमाशों ने उसे घेर लिया।
पेट और छाती पर किए 5 से ज्यादा वार
बदमाशों ने अश्वनी पर चाकू से जानलेवा हमला किया। उसके पेट, पसलियों और छाती पर 5 से अधिक वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ से उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई:पुराने अपराधी निकले हमलावर
शुरुआत में पुलिस इसे पुरानी रंजिश मानकर चल रही थी, लेकिन जांच में 10 रुपये के विवाद की बात सामने आई। पानीपत पुलिस की सीआईए यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए मामले को सुलझा लिया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
