ट्रम्प का बड़ा फैसला: ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 दिन तक हमला नहीं, पर इजरायल ने बोला हमला

वॉशिंगटन/तेहरान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच एक बड़ा कूटनीतिक दांव खेलते हुए ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की डेडलाइन को 10 दिनों के लिए टाल दिया है। ट्रम्प ने 'ट्रुथ सोशल' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ईरान के विशेष अनुरोध पर अब 6 अप्रैल शाम 8 बजे (अमेरिकी समयानुसार) तक कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की जाएगी। एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बार है जब ट्रम्प ने हमले के फैसले को टाला है।
बातचीत को मौका देने की कवायद
राष्ट्रपति ट्रम्प के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा, "यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत को आगे बढ़ने का मौका मिल सके।" ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान ने सद्भावना दिखाते हुए अमेरिका को 10 तेल टैंकर 'गिफ्ट' के तौर पर गुजरने दिए, जिन पर पाकिस्तान का झंडा लगा था। उन्होंने इसे ईरान द्वारा भरोसा जीतने की एक कोशिश करार दिया।
इजराइल की तेहरान पर बमबारी जारी
एक तरफ जहाँ अमेरिका कूटनीतिक समाधान की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ इजराइली सेना ने तेहरान पर हमलों की एक नई लहर शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान के केंद्रीय और अहम सरकारी व सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। धमाकों की आवाजों से ईरानी राजधानी दहल उठी है, हालांकि अभी तक जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पेंटागन की युद्ध स्तर पर तैयारी
शांति वार्ता के दावों के बीच अमेरिका अपनी सैन्य उपस्थिति को भी मजबूत कर रहा है। पेंटागन मिडिल ईस्ट में 10,000 अतिरिक्त जमीनी सैनिकों को भेजने पर विचार कर रहा है। इसमें पैदल सेना और बख्तरबंद वाहन शामिल हो सकते हैं। ये सैनिक पहले से तैनात 5,000 मरीन और 2,000 पैराट्रूपर्स के साथ जुड़ेंगे, जिससे राष्ट्रपति के पास सैन्य विकल्पों की कमी न रहे।
हिजबुल्लाह का इजराइल पर रॉकेट प्रहार
सीमा पर हिजबुल्लाह और इजराइल के बीच संघर्ष और तेज हो गया है। पिछले 24 घंटों में हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजराइल की ओर करीब 100 रॉकेट दागे हैं। नाहरिया शहर में एक रॉकेट गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि इजराइली सेना का एक जवान भी एंटी-टैंक मिसाइल हमले में मारा गया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
