हनुमानजी महाराज को लगाया 1100 किलो काजूकतली का महाभोग, गूंजे जय हनुमान के जयकारे

भीलवाड़ा | शहर के मुख्य डाकघर के पास स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। संकटमोचन हनुमान के दरबार में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा परिसर 'जय श्री राम' व 'बजरंग बली' के जयकारों से गुंजायमान रहा।
स्वर्ण चोला और 1100 किलो काजूकतली का भोग
जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सुबह हनुमानजी महाराज की प्रतिमा को विशेष स्वर्ण चोला चढ़ाया गया। दोपहर 12:15 बजे मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इस दौरान भगवान को 1100 किलो केसरयुक्त काजूकतली का महाभोग लगाया गया। महोत्सव का विशेष आकर्षण बाल हनुमान का रूप धरे एक बालक द्वारा 11 किलो का केक काटना रहा, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
विधायक और विशिष्टजनों की रही गरिमामय उपस्थिति
इस भक्तिमय आयोजन में भीलवाड़ा विधायक एवं श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक कोठारी, कार्याध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, सुनील जागेटिया और गजानंद बजाज सहित कई विशिष्टजन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंदिर ट्रस्टी महावीरप्रसाद अग्रवाल एवं रमेश बंसल ने बताया कि महाआरती के बाद श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं, जिन्हें सुचारू रूप से प्रसाद वितरण के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया था।
सुंदरकांड के पाठ से महकी भक्ति की बयार
आयोजन की कड़ी में शनिवार रात मंदिर परिसर के बाहर श्री बालाजी सत्संग मंडल के एस.के. खंडेलवाल एवं साथियों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ की प्रस्तुति दी गई। महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में संपूर्ण मंदिर परिसर को मनमोहक फूलों और भव्य विद्युत सज्जा से सजाया गया, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।
