भीलवाड़ा में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: संकट मोचन हनुमान को 1100 किलो काजू कतली का भोग,मंदिरों में गूंजे जयकारे
भीलवाड़ा हलचल । वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में आज हनुमान जयंती का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। शहर से लेकर गांवों तक 'जय श्रीराम' और 'जय हनुमान' के जयकारों से वातावरण धर्ममय हो गया है। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा, जहां विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती के आयोजन किए गए।
संकट मोचन हनुमान मंदिर में भव्य आयोजन
प्रधान डाकघर स्थित सुप्रसिद्ध श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव का मुख्य आकर्षण बालाजी को लगाया गया 1100 किलो काजू कतली का भोग रहा। दोपहर 12:15 बजे महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में भव्य महाआरती की गई। महाआरती के पश्चात जन्मोत्सव का केक काटा गया और काजू कतली का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद वितरण शुरू किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर शहर विधायक अशोक कोठारी सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
मंदिरों में महाआरती और छप्पन भोग
भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन स्थित हटीला हनुमान मंदिर पर दोपहर में पंडित बालकृष्ण शर्मा ने मां आरती की इसके बाद बालाजी को भोग लगाया गया और प्रसादी का आयोजन हुआ
* देवरिया बालाजी: देवरिया बालाजी मंदिर में हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। यहाँ बालाजी महाराज को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग लगाया गया, जिसे देखने और दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
* पेच एरिया बालाजी:
पेच एरिया स्थित हनुमान मंदिर में पंडित आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना हुई। दोपहर में महाआरती के बाद बालाजी को भोग अर्पित किया गया।मंदिर में आकर्षक सजावट की गई है, मंदिर में वृंदावन के कलाकारों द्वारा फूलो का बंगला सजाया गया है । सुबह 6:15 बजे आरती की गई उसके बाद ध्वजा स्थापित हुई और 24 घंटे का अखंड हनुमान चालीसा का पाठ शुरू हुआ।
सुबह 9 बजे रुद्राभिषेक किया गया।
* पंचमुखी बालाजी (पारीक चौक): पारीक चौक स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में पंडित मुरारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती संपन्न की और बालाजी को विशेष भोग लगाया।
* रपट के बालाजी व अन्य: रपट के बालाजी, पंचमुखी बालाजी सहित शहर के अन्य सभी छोटे-बड़े हनुमान मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, भजन कीर्तन और भंडारे के आयोजन किए जा रहे हैं।
हनुमान जयंती को लेकर शहर के मंदिरों को विशेष आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। दोपहर में हुई महाआरती के समय मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
हनुमान जी को चढ़ाया काजू-बादाम का चोला:
श्रीहनुमान महोत्सव के अवसर पर भीलवाड़ा में हनुमान जी को काजू-बादाम, आखरोट का चोला पहनाया गया। शहर के माणिक्य नगर स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा का ड्राई फ्रूट से श्रृंगार किया गया है।
इससे पूर्व शहर में हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
