राजस्थान बोर्ड ने बदला 12वीं के कुछ विषयों का परीक्षा समय, दोपहर की पारी में होंगे पेपर

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2026 की बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर अहम फैसला किया है। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक बदलाव करते हुए कम्प्यूटर विज्ञान, इंफॉर्मेटिक्स और चित्रकला विषय के पेपर का समय परिवर्तित कर दिया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह ने बताया कि पहले ये परीक्षाएं सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक आयोजित होनी थीं, लेकिन अब इन्हें दोपहर की पारी में कराया जाएगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार इन विषयों की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होंगी।

उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को होने वाली कम्प्यूटर विज्ञान और इंफॉर्मेटिक्स विषय की परीक्षा तथा 24 फरवरी को होने वाली चित्रकला विषय की परीक्षा अब नए समय पर आयोजित की जाएगी।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे संशोधित समय सारणी को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी करें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें।

बोर्ड सचिव ने यह भी जानकारी दी कि बारहवीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च तक चलेंगी। प्रदेश के 15 जिलों में 51 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

इसके अलावा इस बार प्रश्न पत्रों को पुलिस थानों और चौकियों में सुरक्षित रखा जाएगा। इनकी निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक और परीक्षा संचालन समिति के पास रहेगी।

Next Story