वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजा तस्करी:: दो युवतियां गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ जारी सख्त अभियान के बावजूद तस्कर अब हाई-प्रोफाइल ट्रेनों का सहारा ले रहे हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), एनसीबी (NCB) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस से गांजा तस्करी कर रही दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
ट्रॉली बैग में छिपाकर लाया जा रहा था गांजा
पकड़ी गई युवतियों की पहचान रीना वर्मा (22 वर्ष) और नीलम राठौर (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के तिफरा (वार्ड नंबर-7) की रहने वाली हैं। पुलिस ने इनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैगों की तलाशी ली, जिसमें से 24 किलो गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत करीब 12 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
पहले भी कर चुकी हैं तस्करी
पूछताछ में सामने आया है कि ये दोनों युवतियां पहले भी गांजे की खेप ला चुकी हैं। जांच टीम को चकमा देने के लिए इन्होंने प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का चुनाव किया था। कार्रवाई के दौरान इनका एक तीसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
संयुक्त टीम की बड़ी सफलता
नशे के इस कारोबार पर लगाम कसने के लिए आरपीएफ, एनसीबी और जीआरपी ने जाल बिछाया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर सक्रिय है और युवाओं को नशे के जाल में धकेल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से उनके नेटवर्क और गांजे के मुख्य स्रोत के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है।
