आसींद के देवनगर गांव में श्मशान मार्ग विवाद ने खूनी संघर्ष, 12 से अधिक घायल

आसींद के देवनगर गांव में श्मशान मार्ग विवाद ने   खूनी संघर्ष, 12 से अधिक घायल
X

भीलवाड़ा हलचल। जिले के आसींद थाना क्षेत्र के देवनगर गांव में गुरुवार को श्मशान भूमि के रास्ते को लेकर मेघवंशी समाज के दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। मारपीट में 12 से अधिक महिला, पुरुष और युवक घायल हो गए।



घायलों को तुरंत आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल दो-तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा और घायलों के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।




**पुराना विवाद बढ़ा तनाव**

श्मशान मार्ग को लेकर यह विवाद नया नहीं है। कुछ दिन पहले इसी रास्ते को लेकर विवाद इतना बढ़ा था कि एक शव को श्मशान ले जाने से रोक दिया गया था। बुधवार को ग्रामीणों ने आसींद तहसीलदार जय सिंह को ज्ञापन भी सौंपा था।

इसके बावजूद गुरुवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। बीच-बचाव करने आए अन्य लोग भी घायल हुए। घायल व्यक्तियों में प्यारी देवी पत्नी गिरधारी लाल मेघवंशी, सीमा देवी पत्नी खेमराज मेघवंशी, भगवती देवी पत्नी उदय राम मेघवंशी, उदय राम, रामदेव, मगनीराम, देवी लाल, कैलाश चंद्र, गोविंद, जय राम, दिव्यांग ईश्वर लाल और देवाराम शामिल हैं।

**पुलिस की कार्रवाई**

पुलिस के अनुसार मामला श्मशान मार्ग के विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और स्थिति पर नियंत्रण रखा गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि विवाद का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

Next Story