किराए के कमरे में नकली नोट छापते पति-पत्नी गिरफ्तार, 12.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद

झालावाड़ पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक अन्तर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह में पति-पत्नी भी शामिल थे। जो किराए के कमरे में नकली नोट बनाने की मशीन चला रहे थे। पुलिस ने 12.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद कर उज्जैन निवासी जितेन्द्र शर्मा व उसकी पत्नी रजनी शर्मा को गिरफ्तार किया। दोनों वर्तमान में झालावाड़ के चंद्रावती ग्रोथ सेंटर में रह रहे थे। पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों की भी तलाश कर रही है।

पुलिस को नकली नोट गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला स्पेशल टीम और क्राइम पुलिस स्टेशन चंडीगढ़ की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी सहायता और सूचना संकलन के बाद आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकली नोटों के अलावा लैपटॉप, कलर प्रिंटर, कटर, कागज, स्याही और बड़ी संख्या में स्क्रीन फ्रेम इमेजर भी बरामद किए। यह सभी डिवाइस नकली नोट बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।

पुलिस ने जितेन्द्र शर्मा और उसकी पत्नी रजनी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया । दोनों आरोपी एक साथ नकली नोट बनाने का काम करते थे। जांच में पता चला कि ये लोग नकली नोटों को कुरियर सेवाओं के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर भेजते थे।

कुरियर बुकिंग के दौरान वे फर्जी नाम और पता देते थे जिससे पुलिस के लिए उनका पता लगाना कठिन हो रहा था। लेकिन पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज के आधार पर महिला आरोपी की पहचान कर ली। पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पूछताछ कर रही है।

Next Story