गणित के शिक्षक ने रची फिरौती की 'खतरनाक' साजिश: 1.40 करोड़ की डिमांड करने वाला मास्टर माइंड गिरफ्तार

गणित के शिक्षक ने रची फिरौती की खतरनाक साजिश: 1.40 करोड़ की डिमांड करने वाला मास्टर माइंड गिरफ्तार
X

बांसवाड़ा | जिले की पुलिस ने शहर के दो बड़े व्यापारियों से 1 करोड़ 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने के हाई-प्रोफाइल मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई ने न केवल व्यापारियों को राहत दी है, बल्कि शिक्षा जगत को भी चौंका दिया है।

शिक्षक बना 'नकली' गैंगस्टर

पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी विकेश कुमार कमोल (निवासी कुशलगढ़) राजकीय विद्यालय में गणित का द्वितीय श्रेणी शिक्षक है। आरोपी ने 30 मार्च को खुद को एक बड़ा गैंगस्टर बताते हुए शहर के दो प्रतिष्ठित व्यापारियों को धमकी भरे पत्र भेजे थे। एक व्यापारी से 90 लाख और दूसरे से 50 लाख रुपये की मोटी फिरौती मांगी गई थी। पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि यदि पैसा नहीं मिला, तो उनके परिवार और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया जाएगा।

ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज के जाल ने बनाया अपराधी

पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ वह बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी शिक्षक विकेश को ऑनलाइन गेमिंग की लत लग गई थी, जिसमें वह लाखों रुपये हार गया। कर्ज का दबाव इतना बढ़ गया कि उसने अपनी आर्थिक तंगी दूर करने के लिए अपराध का रास्ता चुना और व्यापारियों को धमकाने की साजिश रच डाली।

300 सीसीटीवी कैमरों और साइबर तकनीक से खुला राज

धमकी मिलने के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया। करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साइबर एक्सपर्ट्स की मदद ली गई और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया गया। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार आरोपी शिक्षक तक पहुंच गई और उसे धर दबोचा।

पुलिस की बड़ी कामयाबी

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं। गणित के शिक्षक द्वारा फिरौती के इस 'कैलकुलेशन' ने पूरे जिले में चर्चा छेड़ दी है।

Next Story