गुलाबपुरा ने खोला बड़ी चोरी का राज-: चालक सहित दो आरोपित गिरफ्तार, चुराई गई राशि बरामद, पिकअप से उड़ाई थी नकदी

भीलवाड़ा बीएचएन। मंदिर के पास खड़ी पिकअप से नकदी से भरा बैग चोरी का गुलाबपुरा पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस चोरी को किसी और ने नहीं बल्कि खुद चालक ने ही अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से पूरी 1,45, 810 रुपये की राशि बरामद कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा के निर्देश पर चल रहे संपत्ति संबंधी अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई।
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया कि वारदात, 06 फरवरी 2026 की है। इंडिया जेनेटिक प्राइवेट लिमिटेड का पिकअप वाहन अजमेर से भीलवाड़ा की ओर आ रहा था। वाहन में चालक पप्पूसिंह और परिचालक उदयलाल सवार थे। रास्ते में दोनों त्रिदेव महादेव कंवलियास दर्शन के लिए वाहन सडक़ किनारे खड़ा कर चले गए। लौटने पर केबिन में रखा बैग गायब मिला, जिसमें 145810 रुपये नकद थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान चालक पप्पूसिंह राजपूत टूट गया और उसने अपने साथी भैरूलाल मेघवंशी के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। उसने बताया कि उसने भैरूलाल को नकदी की जानकारी दी और भैरूलाल बाइक से मौके पर पहुंचा तथा पिकअप की केबिन खोलकर बैग उठा ले गया।
दोनों आरोपियों मोडाजी का खेड़ा निवासी पप्पू सिंह 25 पुत्र जीतसिंह राजपूत व भैंरूलाल 25 पुत्र देवीलाल मेघवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से पूरी नकद राशि बरामद कर ली गई है। पुलिस दोनों से आगे की पूछताछ कर रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं वे पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल तो नहीं रहे। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी गुर्जर के साथ साइबर सैल के आशीष मिश्रा, गुलाबपुरा थाने के पृथ्वीराज, डीएसटी के दिलीप सिंह, अनिल, दिलीप सिंह, हरवीर, पवन शामिल थे।
