जमीन का इंतकाल खोलने के बदले 15 हजार की घूस लेते पटवारी गिरफ्तार

अलवर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को अलवर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर पटवारी को रंगे हाथों दबोचा है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के तहसील बानसूर के पटवार हल्का खोहरी में तैनात पटवारी अतुल कुमार यादव को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।

जमीन का इंतकाल खोलने के बदले मांगी थी रिश्वत

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, एक परिवादी ने अलवर एसीबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि उसने और उसकी भाभी ने ग्राम खोहरी में साढ़े पांच बीघा जमीन खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री 22 जनवरी 2026 को तहसीलदार कार्यालय बानसूर में हो चुकी थी। इस खरीदी गई भूमि का इंतकाल (नामांतरण) खोलने और राजस्व रिकॉर्ड से रहन का अंकन हटाने के लिए पटवारी अतुल कुमार यादव लगातार 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था और काम न करके परिवादी को परेशान कर रहा था।

रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी

शिकायत मिलने पर एसीबी ने 6 फरवरी को गोपनीय सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन और एसीबी डीएसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में जाल बिछाया गया। जैसे ही मंगलवार को पटवारी ने परिवादी से रिश्वत के 15 हजार रुपये लिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम जारी

एसीबी की टीम अब आरोपी पटवारी के आवास और अन्य ठिकानों की तलाशी ले रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पटवारी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। इस कार्यवाही के बाद बानसूर तहसील क्षेत्र के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी खलबली मच गई है।

Next Story