समेलिया फाटक पर ट्रेन की चपेट में आये प्रौढ़ की मौत, 15 मिनट थमी रही उदयपुर-ऋषिकेश एक्सप्रेस

भीलवाड़ा बीएचएन। भीलवाड़ा-चित्तौडगढ़़ रेलमार्ग पर समेलिया फाटक अंडरब्रिज के पास शनिवार शाम एक खौफनाक हादसा सामने आया। मौत बनकर दौड़ रही उदयपुर-ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय प्रौढ़ की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर खून बिखर गया और घटना के बाद ट्रेन को करीब 15 मिनट तक घटनास्थल पर ही रोकना पड़ा। हादसे की सूचना ट्रेन के लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया और कोतवाली, प्रतापनगर, पुर, आरपीएफ और जीआरपी चौकी से पुलिस जाब्ता तुरंत मौके पर दौड़ पड़ा। कोतवाली थाने के एएसआई मदनलाल सुथार ने बताया कि मृतक के पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे शशांक झंवर ने क्षत-विक्षत शव की शिनाख्त अपने भाई, आरसी व्यास कॉलोनी निवासी मनीष कुमार (45) पुत्र कृष्णगोपाल झंवर के रूप में की। घटनास्थल पुर थाना इलाके में होने के कारण पुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस के पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई के चलते करीब 15 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रहने के बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकी।
