भीलवाड़ा: पुलिस की कार्रवाई, 150 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरी हुआ ट्रक किया बरामद

भीलवाड़ा। जिला पुलिस ने चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बनेड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जयपुर के एक ट्रांसपोर्टर का चोरी हुआ ट्रक बरामद कर लिया है।
क्या था मामला?
जयपुर ग्रामीण के फागी निवासी मनोज खटीक ने पुलिस को सूचना दी थी कि 31 मार्च 2026 को वह अपना ट्रक (आरजे 47 जीए 7057) लेकर रामपुरिया स्थित एक ईंट फैक्ट्री पहुँचा था। ट्रक को फैक्ट्री के बाहर खड़ा कर वह किसी काम से अंदर गया, लेकिन जब 1-2 घंटे बाद वापस लौटा तो ट्रक वहां से गायब था। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ऐसे मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों का जाल बिछाया। पुलिस टीम ने ट्रक की तलाश में अभूतपूर्व मेहनत की:
विस्तृत जांच: पुलिस ने करीब 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाले रास्तों की खाक छानी।
फुटेज का जाल: 40 अलग-अलग स्थानों पर लगे 100 से 150 सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से देखा गया।
घेराबंदी: सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने ट्रक का पीछा किया और अंततः अहिंसा सर्कल, जित्या खेड़ी चौराया के पास ट्रक को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने ट्रक को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत जब्त कर लिया है। हालांकि, पुलिस के पहुँचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
